आगरा में तब्लीगी जमात से लौटे छह लोगों में संक्रमण की पुष्टि

दिल्ली के निजामुद्दीन में आयोजित तब्लीगी जमात के कार्यक्रम से लौटे आगरा के छह लोगों में कोरोना वायरस के संक्रमण की पुष्टि हुई है। इनकी रिपोर्ट शुक्रवार सुबह आगरा प्रशासन को मिली है। जिले में अब तक कोरोना के 18 मामले सामने आ चुके हैं, जबकि जिले के दो लोग गुरुग्राम के अस्पताल में भर्ती हैं। इन्हें मिलाकर कुल 20 मामले हैं। 


मरकज प्रकरण प्रकाश में आने के बाद पुलिस ने आगरा की मस्जिदों से कुल 113 जमाती ढूढ़ निकाले थे। इनमें से 28 लोग दिल्ली मरकज से लौटे थे। इन सभी के सैंपल जांच के लिए किंग जार्ज मेडिकल कॉलेज (केजीएमयू) लखनऊ को भेजे गए। 

शुक्रवार सुबह प्रशासन को जांच रिपोर्ट मिल गई। 28 लोगों में से छह कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह ने इसका पुष्टि की है। आगरा जिले में अब 18 मामले हो गए हैं। जबकि शहर के डॉक्टर और उनका बेटा गुरुग्राम में पॉजिटिव पाए गए। दोनों का वहीं इलाज चल रहा है। शहर के आठ मरीज ठीक भी हो चुके हैं। 



अन्य जमातियों की जांच रिपोर्ट आज आ सकती है


आगरा में इस समय जमातियों की संख्या 113 है। सभी को अलग-अलग सेंटर में क्वारंटीन किया गया है। अन्य जमातियों के सैंपल बृहस्पतिवार को जांच के लिए भेजे गए थे। इनकी रिपोर्ट शुक्रवार शाम तक आएगी। आगरा में छह जमातियों के पॉजीटिव पाए जाने के बाद हड़कंप मचा हुआ है।

आगरा जिले के 20 लोग हो चुके संक्रमित

- जूता कारोबारी के परिवार के पांच सदस्य : पांचों ठीक हो गए।
- जूता कारोबारी की फर्म का कर्मचारी और उसकी पत्नी : दोनों ठीक हो गए।
-  रेलवे अधिकारी की बेटी : वो स्वस्थ होकर घर जा चुकी है।
- डॉक्टर और उनका बेटा : दोनों का उपचार चल रहा है।
- कॉलेज संचालक का यूके से लौटा बेटा : वो अस्पताल में भर्ती है।
- ऑटोमोबाइल कारोबारी की लंदन से लौटी बेटी : उपचार चल रहा है।
- साईं की तकिया क्षेत्र में अस्पताल चलाने वाले चिकित्सक पिता-पुत्र, इनका इलाज गुरुग्राम में चल रहा है। 
- दिल्ली के निजामुद्दीन में आयोजित तब्लीगी जमात से लौटे छह लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है।